• 29 March 2024

पुष्प चिकित्सा

कैसे करें पुष्पों से चिकित्सा –

Dr.R.B.Dhawan (Astrological Consultant)

पुष्प, जहाँ अपनी सुन्दरता से मन को आह्लादित एवं प्रफुल्लित करते है, वहीं वे अपनी सुगन्धि से सम्पूर्ण परिवेश को आप्यायित का सुवासित भी कर देते है। अपने आराध्य के चरणों में प्रेमी भक्त की पुष्पांजलि प्रेमास्पद का सहसा प्राकट्य करा देती है। पुष्पों की अनन्त महिमा है। पुष्प के सभी अवयव उपयोगी होते हैं। इनके यथाविधि उपयोग से अनेक रोगों का शमन किया जा सकता है।

फूलों के रस से तैयार किया गया लेप बाह्य रूप से त्वचा पर लगाने से उसकी सुगन्धि हृदय तथा नासिका तक अपना प्रभाव दिखाकर मन को आनन्दित कर देती है। सबसे अच्छी बात यह है कि पुष्प-चिकित्सा के कोई दुष्प्रभाव नहीं होते। फूलों को शरीर पर धारण करने से शरीर की शोभा, कान्ति, सौंदर्य और श्री की वृद्धि होती है। उनकी सुगन्धि रोगनाशक भी है। फूल के सुगन्धित परमाणु वातावरण में घुलकर नासिका की झिल्ली में पहुँचकर अपनी सुगन्धि का मस्तिष्क, हृदय, आँख, कान तथा पाचन क्रिया आदि पर अनुकूल प्रभाव पड़ता है। ये थकान को तुरंत दूर करते हैं। इनकी सुगन्धि से की गयी उपचार प्रणाली को एरोमा थेरेपी कहा जाता है। यहाँ कुछ पुष्पों के संक्षेप में औषधीय प्रयोग दिये जा रहे हैं, सम्यक् जानकारी प्राप्त करके उनसे लाभ उठाया जा सकता है –

कमल:- कमल और लक्ष्मी का सम्बंध अविभाज्य है। कमल सृष्टि की वृद्धि का द्योतक है। इसके पराग से मधुमक्खी शहद तो बनाती ही है, इनके फूलों से तैयार किये गये गुलकन्द का उपयोग प्रत्येक प्रकार के रोगों में तथा कब्ज के निवारण हेतु किया जाता है। कमल के फूल के अंदर हरे रंग के दाने से निकलते है, जिन्हें भूनकर मखाने बनाये जाते हैं, परंतु उनको कच्चा छीलकर खाने से ओज एवं बल की वृद्धि होती है। इनका गुण शीत है। इसका सबसे अधिक प्रयोग अंजन की भाँति नेत्रों में ज्योति बढ़ाने के लिये शहद में मिलाकर किया जाता है। पंखुड़ियों को पीसकर उबटन में मिलाकर चेहरे पर मलने से चेहरे की सुन्दरता बढ़ती है।

केवड़ा:- इसकी गंध कस्तूरी जैसी मोहक होती है। इसके पुष्प दुर्गन्धनाशक तथा उन्मादक है। केवड़े का तेल उत्तेजक श्वासविकार में लाभकारी है। इसका इत्र सिरदर्द और गठिया में उपयोगी है। इसकी मंजरी का उपयोग पानी में उबालकर कुष्ठ, चेचक, खुजली तथा हृदय रोगों में स्नान करके किया जा सकता है। इसका अर्क पानी में डालकर पीने से सिरदर्द तथा थकान दूर होती है। बुखार में एक बूँद देने से पसीना बाहर आता है। इसका इत्र दो बूँद कान में डालने से कान का दर्द ठीक हो जाता है।

गुलाब:- गुलाब का पुष्प सौंदर्य, स्नेह एवं प्रेम का प्रतीक है। इसका गुलकंद रेचक है, जो पेट और आँतों की गर्मी शांत करके हृदय को प्रसन्नता प्रदान करता है। गुलाब जल से आँखें धोने से आँखों की लाली तथा सूजन कम होती है। गुलाब का इत्र उत्तेजक होता है तथा इसका तेल मस्तिष्क को ठंडा रखता है। गुलाब के अर्क का भी मधुर भोज्य पदार्थों में प्रयोग किया जाता है। गर्मी में इसका प्रयोग शीतवर्धक होता है।

चंपा:- चंपा के फूलों को पीसकर कुष्ठरोग के घाव में लगाया जा सकता है। इसका अर्क रक्त-कृमि को नष्ट करता है। इसके फूलों को सुखाकर बनाया गया चूर्ण खुजली में उपयोगी है। यह उत्सर्जक, नेत्रज्योति वर्धक तथा पुरूषों को शक्ति एवं उत्तेजना प्रदान करता है।

सौंफ (शतपुष्पा):- सौंफ अत्यंत गुणकारी है। सौंफ के पुष्पों को पानी में डालकर उबाल लें, साथ में एक बड़ी इलायची तथा कुछ पुदीना के पत्ते भी डाल दें। अच्छा यह रहे कि मिट्टी के बर्तन में उबाले पानी को ठंडा करके दाँत निकलने वाले बच्चे या छोटे बच्चे जो गर्मी से पीड़ित हों, उन्हें एक-एक चम्मच कई बार दें। इससे उनके पेट की पीड़ा शांत होगी तथा दाँत भी ठीक प्रकार से निकलेंगे।

गेंदा:- मलेरिया के मच्छरों का प्रकोप दूर करने के लिये यदि गेंदे की खेती गंदे नालों और घर के आस-पास की जाये तो इसकी गंध से मच्छर दूर भाग जाते हैं। लीवर के रोगी के लीवर की सूजन, पथरी एवं चर्मरोगों में इसका प्रयोग किया जा सकता है।

बेला:- यह अत्याधिक सुगंधयुक्त प्रदाहनाशक है। उसकी कलियों को चबाने से स्त्रियों के मासिक धर्म का अवरोध दूर हो जाता है।

रात-रानी:- इसकी गंध इतनी तीव्र होती है कि यह दूर-दूर तक के स्थानों को मुग्ध कर देती है। इसका पुष्प प्रायः सांयकाल से लेकर अर्धरात्रि के कुछ पूर्व तक सुगन्ध अधिक देता है। पंरतु इसके बाद धीरे-धीरे क्षीण होने लगता है इसकी गंध से मच्छर नहीं आते। इसकी गंध मादक और निद्रादायक है

सूरजमुखी:- इसमें विटामिन ए तथा डी होता है। यह सूर्य का प्रकाश न मिलने के कारण होने वाले रोगों को रोकता है। इसका तेल हृदय रोगों में कोलेस्ट्राॅल को कम करता है।

चमेली:- चर्मरोगों, पायरिया, दंतशूल घाव, नेत्ररोगों और फोड़े-फुंसियों में चमेली का तेल बनाकर उपयोग किया जाता है। यह शरीर में रक्तसंचार की मात्रा बढ़ाकर उसे स्फूर्ति प्रदान करता है। इसके पत्ते चबाने से मुँह के छाले तुरंत दूर हो जाते हैं। मानसिक प्रसन्नता देने में चमेली का अद्भुत योगदान है।

केसर:- यह मन को प्रसन्न करता तथा चेहरे को कान्तिमान बनाता है। यह शक्तिवर्धक, वमन को रोकने वाला तथा वात, पित्त एवं कफ (त्रिदोषों) का नाशक है। तन्त्रिकाओं में व्याप्त उद्विन्नता एवं तनाव को केसर शांत रखता है। इसलिये इसे प्रकृति-प्रदन्त टैंकुलाइजर, भी कहा जाता है। दूध या पान के साथ इसका सेवन करने से यह अत्यंत ओज, बल, शक्ति एवं स्फूर्ति को बढ़ाता है।

अशोक:- यह मदन-वृक्ष भी कहलाता है। इसके फूल, छाल तथा पत्तियाँ स्त्रियों के अनेक रोगों में औषधि के रूप में उपयोगी है। इसकी छाल का आसव सेवन कराकर स्त्रियों की अधिकांश शोक (मानसिक पीड़ा) को ठीक किया जा सकता है।

ढाक (पलाश):- ढाक को अप्रतिम सौंदर्य का प्रतीक माना जाता है, क्योंकि इसके गुच्छेदार फूल बहुत दूर से ही आकर्षित करते हैं। इसी आकर्षण के कारण इसे वन की ज्योति भी कहते हैं। इसका चूर्ण पेट के किसी भी प्रकार के कृमिका नाश करने में सहायक है। इसके पुष्पों को पानी के साथ पीसकर लुगदी पेडू पर रखने से पथरी के कारण दर्द होने पर या नाम उतरने पर लाभ होता है।

गुड़हल (जवा):- गुड़हल के पुष्प का सम्बंध गर्भाशय से ऋतुकाल के बाद यदि फूल को घी में भूनकर सेवन करें तो गर्भ स्थिर होता है। गुड़हल के फूल चबाने से मुँह के छाले दूर हो जाते है। इसके फूलों को पीसकर बालों में लेप करने से बालों का गंजापन मिटता है। यह उन्माद को दूर करने वाला एकमात्र पुष्प है। गुड़हल शीतवर्धक, वाजीकरण तथा रक्तशोधक है। इसे सुजाक के रोग में गुलकंद या शर्बत बनाकर दिया जा सकता है। इसका शर्बत हृदय को फूल की भाँति प्रफुल्लित करने वाला तथा रूचिकर होता है।

शंखपुष्पी (विष्णुकांता):- शंखपुष्पी गर्मियों में अधिक खिलता है। यह घास की तरह होता है। इसके फूल-पत्ते तथा डंठल तीनों को उखाड़कर पीसकर पानी में मिलाकर छान लेने तथा इसमें शहद या मिश्री मिलाकर पीने से पूरे दिन मस्तिष्क में ताजगी रहती है। सुस्ती नहीं आती। इसका सेवन विद्यार्थियों को अवश्य करना चाहिये।

बबूल (कीकर):- बबूल के फूलों को पीसकर सिर में लगाने से सिरदर्द गायब हो जाता है। इसका लेप दाद और एग्जिमा पर करने से चर्मरोग दूर होता है। इसके अर्क के सेवन से रक्तविकार दूर हो जाता है। यह खाँसी और श्वांस के रोग में लाभकारी है। इसके कुल्ले दंतक्षय को रोकते हैं।

नीम:- इसके फूलों को पीसकर लुगदी बनाकर फोड़े-फुंसी पर लगाने से जलन तथा गर्मी दूर होती है। शरीर पर मलकर स्नान करने से दाद दूर होता है। यदि फूलों को पीसकर पानी में घोलकर छान लें और इसमें शहद मिलाकर पीयें तो वजन कम होता है तथा रक्त साफ होता है। यह संक्रामक रोगों से रक्षा करने वाला है। नीम हर प्रकार से उपयोगी है, इसे घर का वैद्य कहा जाता है।

लौंग:- यह आमाशय और आँतों में रहने वाले उन सूक्ष्म कीटाणुओं को नष्ट करती है। जिनके कारण मनुष्य का पेट फूलता है। यह रक्त के श्वेत कणों में वृद्धि करके शरीर की रोगप्रतिरोधक शक्ति में वृद्धि करती है। शरीर तथा मुँह के दुर्गन्ध नाश करती है। शरीर के किसी भी हिस्से पर इसे घिसकर लगाने से दर्दनाशक औषधि का काम करती है। दाढ़ या दंतशूल में मुँह में डालकर चूसने से लाभ होता है। इसके धूम्र सेवन से शरीर में उत्पन्न अनावश्यक तत्वों को पसीने द्वारा बाहर निकाल देता है।

जूही:- जूही के फूलों का चूर्ण या गुलकंद अम्लपित्त को नष्ट करके पेट के अल्सर तथा छाले को दूर करता है। इसके सांन्ध्यि में निरन्तर रहने से क्षयरोग नहीं होता।

माधवी:- चर्मरोगों के निवारण के लिये इसके चूर्ण का लेप किया जाता है। गठिया-रोग में प्रातःकाल फूलों को चबाने से आराम मिलता है। इसके फूल श्वांसरोग को भी दूर करते हैं।
हारसिंगार (परिजात):- यह गठिया-रोगों का नाशक है। इसका लेप चेहरे की कांति को बढ़ाता है। इसकी मधुर सुगंध मन को प्रफुल्लित कर देती है।

आक:- इसका फूल कफनाशक है, यह प्रदाहकारक भी है। यदि पीलिया-रोग में पान में रखकर एक या दो कली तीन दिन तक दी जाये तो काफी हद तक आराम होता है।

कदम्ब:- यम मदन-वृक्ष भी कहलाता है। बीमारी में फूल एवं पत्तों वाली इसकी टहनी लेकर गोशाला में लगा देने से बीमारी दूर होती है। वर्षा ऋतु में पल्लवित होने वाला यह गोपीप्रिय वृक्ष है।

कचनार:- इसकी कली शरद्-ऋतु में प्रस्फुटित होती है। इसकी कलियाँ बार-बार मल-त्याग की प्रवृत्ति को रोकती हैं। कचनार की छाल एवं फूल को जल के साथ मिलाकर तैयार की गई पुलटिस जले घाव एवं फोड़े के उपचार में उपयोगी है।

शिरीष:- यह तेज सुगन्ध वाला जंगली वृक्ष है। इसकी सुगन्ध जब तेज हवा के साथ आती है तो मानव झूम सा जाता है। खुजली में इसके फूल पीसकर लगाने चाहिये, इसके फूलों के काढ़े से नेत्र धोने पर किसी भी प्रकार के नेत्र-विकारों में लाभ होगा।

नागकेसर:- यह खुजली नाशक है और लौंग जैसा लम्बा तथा डंडी में लगा रहता है। इसके फूलों का चूर्ण बनाकर मक्खन के साथ या दही के साथ खाने से रक्तार्श में लाभ होता है। इसका चूर्ण गर्भधारण में भी सहायक है।

मौलसिरी (बकुल):- इसके फूलों को तेल में मिलाकर इत्र बनता है। मौलसिरी के फूलांे का चूर्ण बनाकर त्वचा पर लेप करने से त्वचा अधिक कोमल हो जाती है। इसके फूलों का शर्बत स्त्रियों के बाँझपन को दूर करने में समर्थ है।

अमलतास:- ग्रीष्म ऋतु में फूलने वाला गहरे पीले रंग के गुच्छेदार पुष्पों का यह पेड़ दूर से देेखने में ही आँखों को प्रिय लगता है। इसके फूलों का गुलकंद बनाकर खाने से कब्ज दूर होता है पंरतु अधिक मात्रा में सेवन करने से यह दस्तावर होता है जी मिचलाता है एवं पेट में ऐंठन उत्पन्न करता है।

अनार:- शरीर में पित्ती होने पर अनार के फूलों का रस मिश्री मिलाकर पीना चाहिये। मुँह के छालों में फल रखकर चूसना चाहिये। आँख आने पर कली का रस आँख में डालना चाहिये। अनार के फूल खाने से शराब छूट जाती है। फूलों के पौधों की भीतरी कोशिकाओं में विशेष प्रकार के प्रद्रवी झिल्लियों के आवरण वाले कण होते हैं। इन्हें लवक (प्लास्टिड्स) कहते है। ये कण जब तक फूलों का रंग समाप्त न हो जाये तब तक जीवित रहते हैं।

ये लवक दो प्रकार के होते हैं – 1 वर्णिक लवक और 2 हरित लवक इनमें रंगीन लवकों को वर्णी लवक कहते हैं। वर्णीलवक ही फूल-पौधों को विभिन्न रंग प्रदान करते हैं। वर्णी लवक का आकार निश्चित नहीं होता, बल्कि लवक अलग-अलग पौधों में अलग-अलग रचना वाले होते हैं। पौधें में सबसे महत्वपूर्ण लवक है हरित लवक (क्लोरोप्लास्ट)। हरित लवक पौधों में हरा रंग ही नहीं देता, बल्कि पौधों में भोजन का निर्माण भी करता है। हरित लवक कार्बन-डाइआॅक्साइड गैस, जल और सूर्य के प्रकाश की उपस्थिति में ग्लूकोज कार्बोहाइडेट पदार्थ का निर्माण करता है।

पुष्प सूर्य के प्रकाश में सूर्य की किरणों से सम्पर्क स्थापित करके अपनी रंगीन किरणें हमारी आँखों तक पहुँचाते हैं। जिससे शरीर को ऋणात्मक, धनात्मक तथा कुछ न्यूट्रल प्रकाश की किरणें मिलती है जो शरीर के अंदर पहुँचकर विभिन्न प्रकार के रोगों को रोकने में सहायता प्रदान करती हैं। इस प्रकार हम कलर थैरेपी द्वारा भी चिकित्सा के लाभ ले सकते हैं।

नोट- किसी भी औषधी को वैद्य की सलाह से ही सेवन करें।

For Telephonic Consultation & Best Remedy : www.shukracharya.com
Mob : 09810143516, 09155669922
——————————————————
मेरे और लेख देखें :- shukracharya.com, aapkabhavishya.com, rbdhawan.wordpress.com पर।